41 waste dump sites identified within 10 km radius of Raipur Airport, site-wise action plan to be prepared for cleaning

रायपुर: रायपुर एयरपोर्ट के आसपास कचरा डंपिंग की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। एयरपोर्ट की करीब 10 किलोमीटर की परिधि में 41 वेस्ट डंप साइट चिन्हित की गई हैं। इन सभी स्थानों की सफाई, कचरा प्रबंधन और भविष्य में दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के लिए स्थलवार कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विमानन एवं पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद एयरपोर्ट के आसपास कचरा डंपिंग वाले स्थानों की पहचान और उनके उचित प्रबंधन की प्रक्रिया शुरू की गई। चिन्हित सभी 41 स्थलों की सूची जियो-टैग लोकेशन, अक्षांश और देशांतर के साथ तैयार की गई है। इससे संबंधित स्थानों की सटीक पहचान के साथ उनकी नियमित निगरानी भी की जा सकेगी।

GNSU Admission Open 2026

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन के निर्देश पर जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर की जिला और विकासखंड स्तरीय टीम ने इन स्थलों का निरीक्षण एवं सर्वेक्षण शुरू कर दिया है।

सर्वे के दौरान प्रत्येक वेस्ट डंप साइट पर मौजूद कचरे की मात्रा, उसकी स्थिति और सफाई की जरूरत का आकलन किया जा रहा है। इसी आधार पर अलग-अलग स्थानों के लिए सफाई और कचरा प्रबंधन की रणनीति तैयार की जाएगी।

प्रशासन का जोर केवल मौजूदा कचरे को हटाने तक सीमित नहीं है। भविष्य में इन स्थानों पर दोबारा कचरा न फेंका जाए, इसके लिए निगरानी व्यवस्था और जरूरी रोकथाम के उपाय भी तय किए जाएंगे।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने चिन्हित कई स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को प्रभावी सफाई के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की इस पहल को पर्यावरण और विमानन सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।