छपरा: सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के रघुनाथगिरि मठिया गांव में चार हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधी करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, घर के मालिक राजकुमार भारती रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहते हैं। देर रात चार सशस्त्र अपराधी उनके घर में घुसे और उनकी पत्नी व बेटी को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की।
घटना के बाद राजकुमार भारती की पत्नी ने मांझी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।







