पेरिस: स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोलेक्स पेरिस मास्टर्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को तीन सेटों में हराया। दो मैच पॉइंट बचाकर हासिल की गई इस जीत के साथ अल्काराज ने पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बनाई।
शुक्रवार देर रात खेले गए क्वार्टर फाइनल में अल्काराज ने 6-7(10), 7-5, 6-3 से जीत दर्ज की। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले सेट में फ्रिट्ज ने टाईब्रेक में बाजी मारते हुए बढ़त बना ली। इसके बाद अल्काराज के सामने मैच से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा, लेकिन उन्होंने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखा और शानदार वापसी की।
दूसरे सेट में अल्काराज ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने दो मैच पॉइंट बचाए और 7-5 से सेट अपने नाम कर मुकाबले को निर्णायक तीसरे सेट तक पहुंचा दिया। तीसरे सेट में भी स्पेनिश खिलाड़ी ने अपनी लय बरकरार रखी और 6-3 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
मुकाबले के बाद अल्काराज ने अपनी वापसी और मानसिक मजबूती को जीत का अहम कारण बताया। उन्होंने कहा कि दूसरे सेट के मुश्किल क्षणों में उन्होंने खुद को निराश नहीं होने दिया। उनका पूरा ध्यान मानसिक रूप से मजबूत रहने और ब्रेक पॉइंट के साथ मैच पॉइंट बचाने पर था।
अल्काराज ने दर्शकों के समर्थन की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि जब वह 3-5 के स्कोर पर सर्विस कर रहे थे, तब एक अहम अंक जीतकर स्कोर 4-5 किया। इस दौरान दर्शक अपनी सीटों से खड़े हो गए और स्टेडियम में नई ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने कहा कि दर्शकों के उत्साह ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
अब सेमीफाइनल में अल्काराज का सामना नॉर्वे के कैस्पर रूड से होगा। इस मुकाबले में जीत हासिल कर उनकी नजरें पहली बार पेरिस मास्टर्स के फाइनल में जगह बनाने पर रहेंगी।







