ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में घरों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दादरी थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी के जेवरात, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात दादरी थाना पुलिस सेक्टर ज्यू-3 के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चार लोगों से भरी एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख कार सवार बदमाश वाहन से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान 27 वर्षीय अजय के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान 19 वर्षीय समीर के तौर पर की गई है। घायल अजय को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और अवैध चाकू बरामद किया है। इसके अलावा दो जोड़ी पायल, चार चांदी के सिक्के, सोने की अंगूठी, चांदी का कड़ा, सोने की चेन का टुकड़ा और छह हजार रुपये नकद मिले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ओमीक्रोन-1, ओमीक्रोन-2, म्यू-01, म्यू-02 और पिंक सिटी दादरी इलाके में बंद मकानों को निशाना बनाते थे। ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी करने के बाद फरार हो जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, अजय के खिलाफ चोरी, लूट के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, समीर के खिलाफ चोरी के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।







