नाले में मिले हजारों आधार और बैंक दस्तावेज, डाक विभाग की लापरवाही उजागर
Thousands of Aadhaar and bank documents found in a drain; negligence by the Postal Department exposed.

भभुआ (कैमूर): बिहार के कैमूर जिले में डाक विभाग की कथित गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव में पुराने पोखरे के पास नाले में दो बोरियों में भरकर फेंके गए हजारों महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। इनमें आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक समेत 10 हजार से अधिक दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की नजर पुराने पोखरे के पास स्थित नाले में पड़ी दो बोरियों पर पड़ी। जब लोगों ने बोरियों को खोलकर देखा तो उनके अंदर बड़ी संख्या में सरकारी और बैंकिंग दस्तावेज भरे हुए थे। इनमें लोगों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक शामिल थे। इतनी बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेजों को लावारिस हालत में नाले में फेंका देखकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को दी।

GNSU Admission Open 2026

मामले की जानकारी मिलते ही भभुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और नाले से बरामद सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में लोगों के व्यक्तिगत और बैंकिंग दस्तावेज यहां किसने और किन परिस्थितियों में फेंके।

प्रथम दृष्टया इस मामले को डाक विभाग की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दस्तावेजों के नाले तक पहुंचने और उन्हें वहां फेंकने के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

वहीं, भभुआ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अमित कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने की बात कही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने लोगों के निजी दस्तावेजों की सुरक्षा और सरकारी विभागों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और दोषियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।