तेलंगाना सरकार का दिवाली तोहफा, मेट्रो-आरटीसी संयुक्त पास हुआ सस्ता
Diwali gift from the Telangana government: Joint Metro-RTC pass becomes cheaper

हैदराबाद: तेलंगाना सरकार ने दिवाली के अवसर पर आम यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए मेट्रो और राज्य सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) के संयुक्त यात्रा पास की कीमतों में भारी कटौती की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले से रोजाना सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। नई दरें आठ नवंबर से लागू होंगी।

परिवहन एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देश पर संयुक्त यात्रा पास की कीमतें कम की गई हैं। सरकार का उद्देश्य यात्रियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक किफायती और लोकप्रिय बनाना है।

GNSU Admission Open 2026

सरकार की ओर से जारी नई दरों के अनुसार, दैनिक संयुक्त यात्रा पास की कीमत 400 रुपये से घटाकर 275 रुपये कर दी गई है। इसमें मेट्रो यात्रा के लिए 200 रुपये और आरटीसी बस सेवा के लिए 75 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस पास के माध्यम से यात्री एक दिन में अधिकतम चार बार एक तरफ की यात्रा कर सकेंगे। इससे रोजाना मेट्रो और बस दोनों सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

वहीं, मासिक संयुक्त यात्रा पास की कीमत में भी बड़ी कटौती की गई है। पहले इसके लिए यात्रियों को 8,500 रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब इसकी कीमत घटाकर 4,000 रुपये कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत मेट्रो यात्रा के लिए 3,000 रुपये और आरटीसी बस सेवा के लिए 1,000 रुपये देने होंगे। इस पास के जरिए महीने में अधिकतम 50 बार आने-जाने की यात्रा की जा सकेगी। यानी मासिक पास लेने वाले यात्रियों को सीधे 4,500 रुपये की बचत होगी।

मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि यह निर्णय जनकल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने संबंधित विभागों और संगठनों को संशोधित दरें लागू करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार के इस कदम से विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और नियमित रूप से सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।