META 4.0 की धूम, जावेद अली समेत कई कलाकार बिखेरेंगे जलवा
META 4.0 creates a buzz; artists including Javed Ali set to dazzle the stage

जमूहा (रोहतास): गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक बार फिर संगीत, डांस और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिलेगा। विश्वविद्यालय के बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक महोत्सव META 4.0 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में फ्लैश मॉब का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक डांस प्रस्तुति देकर महोत्सव के प्रति उत्साह का प्रदर्शन किया।

META विश्वविद्यालय का वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव है, जिसमें मुख्य रूप से एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेते हैं। इस आयोजन में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों के मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से भी विद्यार्थी पहुंचते हैं। महोत्सव के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ दूसरे संस्थानों के विद्यार्थियों से जुड़ने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है।

GNSU Admission Open 2026

इस चार दिवसीय महोत्सव में संगीत, डांस, फैशन और मनोरंजन से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को खास बनाएंगे। इस बार META 4.0 का आयोजन 26 से 29 नवंबर तक किया जाएगा। प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम और कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों को मनोरंजन का विशेष अनुभव मिलेगा।

महोत्सव के पहले दिन 26 नवंबर को बैंड नाइट का आयोजन होगा, जिसमें ‘द मिररज’ अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, 27 नवंबर को बॉलीवुड के मशहूर गायक जावेद अली अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। 28 नवंबर को DJ Kayra की डीजे नाइट आयोजित होगी, जबकि अंतिम दिन 29 नवंबर को अरशी की सूफी नाइट कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

इस बार महोत्सव की थीम ‘Through Transformation, A New Dawn’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य बदलाव और नई शुरुआत के विचार को सांस्कृतिक मंच के माध्यम से प्रस्तुत करना है।

नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्राचार्य डॉ. पुनीत कुमार सिंह ने भी महोत्सव को लेकर विशेष तैयारियों की जानकारी दी। फिलहाल फ्लैश मॉब के आयोजन के बाद विद्यार्थियों में META 4.0 को लेकर उत्साह बढ़ गया है। विश्वविद्यालय परिसर में चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन की खास रौनक देखने को मिलेगी।