सासाराम (रोहतास): जिले में हालिया भीषण तूफान और प्राकृतिक आपदा से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा अब राजनीतिक रूप लेने लगा है। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पांडे के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर नौ सूत्री मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि तूफान के कारण बर्बाद हुई फसलों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आकलन कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा मिल सके। डीएम से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पांडे ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों की आमदनी लगातार प्रभावित हो रही है। किसानों को एक ओर महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर प्राकृतिक आपदाएं उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर रही हैं।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि फसल क्षति का सही आकलन करने के लिए पंचायत स्तर पर तीन सदस्यीय कमेटी गठित की जाए। इसमें स्थानीय पैक्स अध्यक्ष या मुखिया, हल्का कर्मचारी और किसान सलाहकार को शामिल किया जाए। कमेटी के सदस्य संबंधित पंचायत के खेतों में जाकर प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल का व्यक्तिगत रूप से सर्वेक्षण करें। इससे नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा और कोई भी पात्र किसान मुआवजे से वंचित नहीं रहेगा।
जयप्रकाश पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी के साथ प्रतिनिधिमंडल की बातचीत सकारात्मक रही। डीएम ने मांगों को उचित बताते हुए आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए बिहार और केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की पहल की जाएगी।
इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







