एटीएम कटिंग गिरोह का भंडाफोड़, हरियाणा से दो गिरफ्तार
ATM-cutting gang busted; two arrested from Haryana

सासाराम (रोहतास): रोहतास पुलिस ने एटीएम काटकर नकदी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने हरियाणा के नूंह जिले में छापेमारी कर गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी भी बरामद की गई है।

सासाराम स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी श्री राज ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र और सासाराम नगर थाना क्षेत्र में एटीएम कटिंग की घटनाएं हुई थीं। इसके अलावा बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया गया था। इन घटनाओं के उद्भेदन के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।

GNSU Admission Open 2026

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम पिछले कई दिनों से हरियाणा समेत अन्य राज्यों में छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में हरियाणा के नूंह जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान मुनफैद, पिता हबीब, निवासी पाटुका, थाना तावडू और मुकीम, पिता अब्दुल गफूर, निवासी नूंह सदर के रूप में हुई है।

एसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने एटीएम कटिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने मुनफैद की बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वारदातों में किया गया था। जांच में सामने आया है कि मुकीम गिरोह के लिए सदस्यों की टीम तैयार करने और चोरी की गई नकदी का बंटवारा करने की जिम्मेदारी संभालता था।

पुलिस के मुताबिक, मुकीम का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एटीएम कटिंग के एक मामले में जेल जा चुका है।

एसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और उनके ठिकानों का सत्यापन कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चोरी की गई नकदी की बरामदगी भी संभव हो सकेगी।

इस कार्रवाई में टाउन थाना के एसआई प्रिंस मिश्रा, कोचस थाना के एसआई बबलू कुमार और डीआईयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही है।