रोहतास: जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों में पहुंचकर आम जनता की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में मध्य विद्यालय नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय की सुविधा नहीं होने से बच्चों को पढ़ाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर डीएम ने आवश्यक पहल करते हुए समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसंवाद में गांव के बड़े तालाब की जरूरत का मुद्दा भी सामने आया। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब का निर्माण होने से स्थानीय लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि तालाब बनने से ग्रामीणों को घूमने-टहलने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही छठ जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्वों के आयोजन में भी सहूलियत मिलेगी।
इसके अलावा ग्रामीणों ने भूमि विवाद, जमीन के पर्चे और दखल-कब्जे से संबंधित समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए लोगों को उचित प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन जमा करें। उन्होंने बताया कि सभी आवेदन ऑनलाइन दर्ज किए जाते हैं, जिससे आवेदक अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने अधिकारियों को जनता के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने पर विशेष जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।







