बलिया: स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता के दूसरे दिन पांच मैदानों पर कुल 24 मैच खेले गए, जिनमें पंजाब, दिल्ली, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी सहित कई टीमों ने जीत दर्ज की।
अंडर-17 बालक वर्ग में मेजबान उत्तर प्रदेश को गत वर्ष की उपविजेता पंजाब के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब के सबरजीत ने 21वें मिनट में एकमात्र गोल कर टीम को जीत दिलाई। उत्तर प्रदेश की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पंजाब ने अपने दूसरे मुकाबले में गोवा को भी 3-0 से हराया। इस मैच में अमित कुमार ने 30वें, सिद्धू ने 55वें और हरगुन सिंह ने 59वें मिनट में गोल किए।
मिनी स्टेडियम शेर में तमिलनाडु ने रोमांचक मुकाबले में चंडीगढ़ को 3-2 से शिकस्त दी। तमिलनाडु की ओर से सचिन, केबिन और नादिश ने गोल किए। वहीं चंडीगढ़ की तरफ से महताब और ग्रेटसन ने गोल कर मुकाबले को बराबरी पर लाने की कोशिश की, लेकिन 51वें मिनट में नादिश के निर्णायक गोल ने तमिलनाडु को जीत दिला दी।
इसी मैदान पर पश्चिम बंगाल ने हिमाचल प्रदेश को 6-0 से करारी शिकस्त दी, जबकि हरियाणा और झारखंड के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ।
रामदहीन सिंह इंटर कॉलेज, आमघाट में त्रिपुरा और मणिपुर के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। वहीं गुजरात ने आंध्र प्रदेश को 4-2 और केरल ने सीबीएसई को 4-2 से हराया।
टाउन पॉलिटेक्निक मैदान पर पुडुचेरी ने कर्नाटक को 4-1, जम्मू-कश्मीर ने छत्तीसगढ़ को 2-1 और दिल्ली ने विद्या भारती को 3-0 से पराजित किया। ओडिशा और असम के बीच मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के अगले दिन कुल 27 लीग मुकाबले खेले जाएंगे। विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच आगे भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।







