नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, भाजपा नेता समेत तीन पर FIR
FIR filed against three, including a BJP leader, for molesting a minor

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में भाजपा नेता अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रावण दहन कार्यक्रम के दौरान विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना रजगामार क्षेत्र में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान हुई थी। पीड़िता अपने पिता के निधन के बाद चाचा के घर रहकर पढ़ाई कर रही है। दशहरा के अवसर पर वह रावण मैदान में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी।

GNSU Admission Open 2026

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान कौशल चौरसिया और उसके भाई अनिल चौरसिया ने छात्रा पर अश्लील टिप्पणियां कीं। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई को दी। इसके बाद वह दोनों आरोपियों से बात करने पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।

परिजनों के मुताबिक, विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची छात्रा के साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया और उसका दुपट्टा खींचा गया। घटना के बाद छात्रा घर लौटी और परिजनों को पूरी जानकारी दी।

पुलिस पर शिकायत में देरी का आरोप

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद वे शिकायत दर्ज कराने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे थे, लेकिन वहां तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उन्हें मामला बालको थाना क्षेत्र का बताकर संबंधित थाने भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार, बालको थाने में भी उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।

इसके बाद परिजनों ने कोरबा पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

जांच जारी, गिरफ्तारी के प्रयास

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम तथा छेड़छाड़, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और मारपीट से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नाबालिग की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

उल्लेखनीय है कि मामले में नामजद अनिल चौरसिया भाजपा विधि प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।