राजस्व अमीनों ने उठाई वेतनमान, स्थानांतरण और सुरक्षा की मांग
Revenue Amins demand revised pay scales, transfers, and security.

नयी दिल्ली: बिहार में राजस्व अमीनों की विभिन्न मांगों को लेकर विरोध तेज हो गया है। बिहार राजस्व अमीन संघ के आह्वान पर अमीनों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर सरकार के सामने अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग रखी। प्रदर्शन के दौरान अमीनों ने वेतनमान, स्थानांतरण, फील्ड में सुरक्षा, भत्ता और नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) समेत कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

राजस्व अमीनों की प्रमुख मांगों में लेवल-6 का वेतनमान लागू करना शामिल है। अमीनों का कहना है कि उनके काम की जिम्मेदारियों और फील्ड में होने वाली परेशानियों को देखते हुए वेतनमान में सुधार किया जाना जरूरी है। उन्होंने सरकार से इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

GNSU Admission Open 2026

प्रदर्शनकारियों ने जमीन की मापी और सर्वेक्षण के लिए फील्ड में जाने वाले अमीनों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अमीनों को कई बार कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। ऐसे में फील्ड ड्यूटी के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

स्थानांतरण नीति को लेकर भी अमीनों में नाराजगी देखने को मिली। संघ का कहना है कि स्थानांतरण को लेकर लंबे समय से आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक प्रक्रिया को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। अमीनों ने पारदर्शी और स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की।

इसके अलावा फील्ड में कार्यरत अमीनों के लिए TA/DA और इंटरनेट भत्ता देने की मांग भी की गई। अमीनों का कहना है कि भूमि मापी, सर्वेक्षण और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लगातार फील्ड में रहना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त खर्च होता है।

नई SOP को लेकर भी संघ ने सवाल उठाए। अमीनों ने कहा कि नई व्यवस्था लागू करने से पहले जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों की समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। संघ ने सरकार से सभी मांगों पर बातचीत कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है।