अशोक चौधरी बोले- बिहार में कायम है कानून का राज
Ashok Choudhary said—the rule of law prevails in Bihar.

पटना। बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का पक्ष रखा। पटना स्थित जदयू मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम है और सरकार अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

अशोक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता न्याय के साथ विकास और आम लोगों को बेहतर प्रशासन उपलब्ध कराना है।

GNSU Admission Open 2026

राज्य में बढ़ते अपराध और विपक्ष की ओर से सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में अशोक चौधरी ने बिहार की बड़ी आबादी का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि करीब 14 करोड़ की आबादी वाले घनी आबादी वाले राज्य में आपराधिक घटनाएं पूरी तरह खत्म नहीं हो सकतीं। हालांकि, किसी घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की त्वरित तथा निष्पक्ष कार्रवाई महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना के बाद कानून अपना काम करता है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। मंत्री ने दावा किया कि अपराध में शामिल व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा।

विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू नेता ने कहा कि राज्य सरकार अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है। उन्होंने बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली का बचाव करते हुए कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और पीड़ितों को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जनता दरबार के दौरान अशोक चौधरी ने आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे संवाद के माध्यम से प्रशासनिक कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।