
कैमूर। कैमूर में इन दिनों 308 पहियों वाला विशाल ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ओडिशा पोर्ट से झारखंड के रास्ते कैमूर पहुंची इस भारी-भरकम गाड़ी को देखने के लिए स्थानीय लोगों, खासकर युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। लोग ट्रक के साथ सेल्फी और तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह विशाल ट्रक बेल्जियम से आया है और ओडिशा पोर्ट से अपने सफर पर निकला है। इसे उत्तर प्रदेश तक पहुंचाया जाना है। ट्रक को कैमूर पहुंचने में ही करीब पांच महीने का समय लग चुका है और आगे की यात्रा पूरी करने में भी कई महीने लगने की संभावना है।
इस भारी वाहन के लिए एनएच-19 पर बने ओवरब्रिज बड़ी चुनौती बने हुए हैं। ट्रक की ऊंचाई अधिक होने के कारण रास्ते में कई जगह दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रक के साथ चल रही टीम के सदस्य सफर के दौरान खुद खाना बनाकर यात्रा कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस पूरे भारी परिवहन अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च होने की संभावना है। विशाल ट्रक के कैमूर पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने सरकार से कैमूर और रोहतास में इसी तरह के उद्योग स्थापित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।






