Home राष्ट्रीय बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद, कई जिलों में प्रदर्शन का...

बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद, कई जिलों में प्रदर्शन का ऐलान

19
0
Punjab bandh in protest against Barnala lathicharge, protests announced in several districts

चंडीगढ़: पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के आह्वान पर सोमवार को पंजाब बंद का असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। बंद के समर्थन में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन और रैलियों की तैयारी की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बाजारों और परिवहन सेवाओं पर भी आंशिक प्रभाव पड़ा है।


बंद के मद्देनजर जालंधर के कई निजी स्कूलों ने एहतियातन अवकाश घोषित कर छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का फैसला किया है। कई शिक्षण संस्थानों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर स्कूल बंद रहने की सूचना दी है। वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने आम जनता, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न वर्गों से बंद का समर्थन करने की अपील की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहेगा। उन्होंने समर्थकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को अनावश्यक असुविधा से बचाने की भी अपील की है।

GNSU Admission Open 2026


संगठनों के अनुसार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक कई स्थानों पर बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी प्रमुख व्यापारी संगठन या परिवहन एसोसिएशन ने औपचारिक रूप से बंद के समर्थन की घोषणा नहीं की थी। वाल्मीकि समाज की प्रमुख मांगों में बरनाला घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच, प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा घायल और प्रभावित सफाई कर्मचारियों को शीघ्र न्याय दिलाना शामिल है।


गौरतलब है कि 22 जुलाई को बरनाला में पक्की नौकरी, वेतन वृद्धि और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच उस समय झड़प हो गई थी, जब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा में शहर से कूड़ा हटाने का अभियान शुरू किया था।


इस दौरान पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें महिला सफाई कर्मचारियों के साथ भी मारपीट के आरोप लगाए गए। घटना के बाद पंजाब सरकार ने कार्रवाई करते हुए बरनाला के तत्कालीन डीएसपी को निलंबित कर दिया था, लेकिन प्रदर्शनकारी संगठनों का कहना है कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।