
सासाराम/जमुआर। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार के सहयोग से आयोजित CBSE नेशनल बास्केटबॉल गर्ल्स चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन दोनों कोर्ट पर रोमांच चरम पर रहा। देश-विदेश से पहुंची खिलाड़ियों ने शानदार डिफेंस, तेज आक्रमण और आखिरी क्षण तक संघर्ष से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
अंडर-19 वर्ग में मेरठ पब्लिक स्कूल ने गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोनीपत को 55-37 से हराया। डीएवी पब्लिक स्कूल, लुधियाना ने पुरन चंद्रा विद्या निकेतन, कानपुर को 31-19 से मात दी। डीपीएस राजनंदगांव ने इंडियन स्कूल अल वादी अल कबीर, ओमान को 44-16 से हराया। वहीं, द मिलेनियम स्कूल, दुबई और मैरी जेस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा, जिसमें दुबई की टीम ने 32-30 से जीत दर्ज की।
अंडर-17 वर्ग में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, बोकारो ने दिल्ली प्राइवेट स्कूल, दुबई को 31-10 से हराया। डीएवी पब्लिक स्कूल, लुधियाना ने अल खोर इंटरनेशनल स्कूल, कतर को 19-3 से मात दी। मेजबान नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार और टैगोर पब्लिक स्कूल, रेवाड़ी के बीच मुकाबले में रेवाड़ी की टीम 53-39 से विजयी रही।
अन्य मुकाबलों में बीएल जयपुरिया, गाजियाबाद ने लर्निंग पाथ स्कूल, मोहाली को 36-16 से हराया। सेक्रेड हार्ट स्कूल, चंडीगढ़ ने पतंजलि ऋषिकुल, प्रयागराज को 42-27 से मात दी। नवरचना हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़ौदा ने बोकारो पब्लिक स्कूल को 49-27 से हराया।
अंडर-14 वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, बेंगलुरु ने क्वीन्स वैली स्कूल, दिल्ली को 36-21 से हराया, जबकि विद्या ज्ञान स्कूल ने इंडियन स्कूल मस्कट, ओमान को 13-9 से मात दी।
प्रतियोगिता में भारत के साथ ओमान, यूएई और कतर की टीमों की मौजूदगी ने इसे अंतरराष्ट्रीय रंग दिया है। मुकाबले आगे बढ़ने के साथ टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा और रोमांच लगातार बढ़ रहा है।






