जमुहार में CBSE नेशनल गर्ल्स बास्केटबॉल का भव्य आगाज, 65+ टीमें और 700 से अधिक खिलाड़ी शामिल
CBSE National Girls Basketball Championship kicks off in grand style in Jamuhar, with participation of 65+ teams and over 700 players

जमुहार/रोहतास। Gopal Narayan Singh University, जमुहार परिसर में Narayan World School की मेजबानी में CBSE नेशनल गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ कतर, ओमान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की आठ टीमें भी हिस्सा ले रही हैं।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न संस्कृतियों पर आधारित गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

GNSU Admission Open 2026

समारोह में रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी मिस्टर राज, नबीनगर विधायक चेतन आनंद सिंह, औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, Gopal Narayan Singh University के चांसलर गोपाल नारायण सिंह और प्रो-चांसलर गोविंद नारायण सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चा खिलाड़ी वही है, जो अपनी मंजिल हासिल करने तक लगातार संघर्ष करता रहे। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव सामान्य प्रक्रिया है और खिलाड़ियों को हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर अगली चुनौती के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने जीत के बाद भी संयम बनाए रखने की सलाह दी।

श्रेयसी सिंह ने बिहार में इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन को गौरव का विषय बताते हुए Narayan World School को खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के लिए बधाई दी।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : गोपाल नारायण सिंह

Gopal Narayan Singh University के चांसलर गोपाल नारायण सिंह ने देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व की बात है कि भारत के अलावा चार अन्य देशों की टीमें भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ स्वस्थ शरीर और खेल भी जरूरी हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को विभिन्न क्षेत्रों और संस्कृतियों से परिचित होने का अवसर देते हैं।

औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के दौरान उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने का आश्वासन दिया। वहीं नबीनगर विधायक चेतन आनंद सिंह ने खेल आयोजनों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

65 से अधिक टीमें और 700 से ज्यादा खिलाड़ी

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में 65 से अधिक टीमें और 700 से ज्यादा बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। कतर, ओमान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की आठ टीमों की भागीदारी से प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिला है।

विश्वविद्यालय के सेक्रेटरी एवं प्रो-चांसलर प्रो. गोविंद नारायण सिंह ने अतिथियों, CBSE अधिकारियों, खिलाड़ियों, आयोजन समिति, शिक्षकों और कर्मचारियों का स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। Narayan World School की निदेशक डॉ. मोनिका सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

अब देश-विदेश से पहुंची खिलाड़ी बास्केटबॉल कोर्ट पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की युवा खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।