Home राष्ट्रीय वाराणसी की पूनम राय ने रचा इतिहास, एक ही पेंटिंग पर बनाया...

वाराणसी की पूनम राय ने रचा इतिहास, एक ही पेंटिंग पर बनाया तीसरा अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड

29
0
Poonam Rai from Varanasi creates history, sets third international world record with a single painting

वाराणसी: वाराणसी की सुप्रसिद्ध चित्रकार पूनम राय ने अपनी बहुचर्चित पेंटिंग ‘फेज़ेज ऑफ फेसेज़’ के लिए तीसरा अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड हासिल कर भारतीय कला जगत को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है।


पूनम राय की इस पेंटिंग को हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, लंदन ने ‘एक ही कैनवास पर सर्वाधिक अद्वितीय चेहरे बनाने’ की श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया है। उन्होंने 80×72 इंच के विशाल कैनवास पर 648 पूर्णतः अलग-अलग और अद्वितीय चेहरे उकेरे हैं। प्रत्येक चेहरे का आकार लगभग तीन इंच है। प्रत्येक चेहरा अपनी अलग पहचान, भाव, व्यक्तित्व और विशिष्ट कलात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करता है। इस पूरी कलाकृति को उन्होंने मात्र 17 दिनों में तैयार किया।

GNSU Admission Open 2026


इस उपलब्धि की विशेष बात यह है कि इसी एक पेंटिंग पर पूनम राय को अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड प्राप्त हो चुके हैं। इससे पूर्व भी इसी कलाकृति के लिए उन्हें दो अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड मिल चुके हैं। अब हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, लंदन में नाम दर्ज होने के साथ यह उपलब्धि और भी ऐतिहासिक बन गई है। हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड्स एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जिसका मुख्यालय लंदन में स्थित है।


पूनम राय ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय कला, सृजनशीलता और महिला कलाकारों की प्रतिभा का वैश्विक स्तर पर सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, शुभचिंतकों और सभी कला प्रेमियों को दिया, जिन्होंने उनकी रचनात्मक यात्रा में निरंतर सहयोग और उत्साहवर्धन किया। कला जगत के जानकारों के अनुसार, एक ही पेंटिंग पर तीन अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड प्राप्त करना अत्यंत दुर्लभ उपलब्धि है। इससे न केवल पूनम राय का नाम वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित हुआ है, बल्कि वाराणसी तथा भारत की समृद्ध कला परंपरा को भी नई पहचान मिली है। पूनम राय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अनेक कलाकारों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और कला प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे भारतीय कला जगत के लिए गौरव का क्षण बताया।