
रोहतास: दिनारा विधानसभा के विधायक आलोक सिंह और जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने भलुनी भवानी धाम का निरीक्षण कर आगामी नवरात्रि एवं छठ महापर्व के दौरान आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धाम परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने मेले के दौरान दुकानों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से लगाने तथा धाम परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए व्यावहारिक और सटीक एस्टीमेट तैयार करने को कहा।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने विधि-व्यवस्था, यातायात, प्रकाश, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज को दिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज, विशेष कार्य पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






