रेसिपी:
मीठा खाने के शौकीनों के लिए ब्रेड मालपुआ एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प है। इसे घर पर कम समय में तैयार किया जा सकता है और इसका स्वाद पारंपरिक मालपुए जैसा ही लाजवाब लगता है।
सामग्री
- 6 ब्रेड स्लाइस
- ½ कप दूध
- ½ कप चीनी
- ½ कप पानी
- 2 बड़े चम्मच मैदा
- 2 बड़े चम्मच खोया
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 चम्मच सौंफ
- तलने के लिए घी या तेल
- बादाम और पिस्ता सजाने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले ब्रेड के किनारे काटकर स्लाइस को दूध में हल्का भिगोएं। इन्हें मैश करके इसमें मैदा, खोया, इलायची और सौंफ डालें। जरूरत के अनुसार थोड़ा दूध डालकर नरम बैटर तैयार करें।
अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर हल्की चाशनी तैयार करें। दूसरे पैन में थोड़ा घी गर्म करें और बैटर के छोटे-छोटे हिस्से डालकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें।
तैयार मालपुओं को कुछ सेकंड के लिए चाशनी में डुबोएं। ऊपर से कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर गर्मागर्म परोसें।
स्वादिष्ट टिप: मालपुए को और शाही बनाने के लिए ऊपर से थोड़ा रबड़ी डालकर सर्व करें।







