Efforts to include four panchayats of Kochas in Kochas police station are in full swing.

रोहतास: रोहतास के कोचस प्रखंड की चार पंचायतों के कुछ गांवों को दिनारा थाना क्षेत्र से हटाकर कोचस थाना क्षेत्र में शामिल करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसको लेकर करगहर विधायक बशिष्ठ सिंह ने रोहतास एसपी मिस्टर राज से मुलाकात कर पहल की है।

कोचस प्रखंड की नौवां, नरवर, चिताव और कंजर पंचायत के कुछ गांव फिलहाल दिनारा थाना क्षेत्र में आते हैं। जबकि इन पंचायतों का प्रखंड और अंचल मुख्यालय कोचस में है। ऐसे में पुलिस से जुड़े काम के लिए ग्रामीणों को दिनारा थाना जाना पड़ता है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विधायक बशिष्ठ सिंह ने शनिवार को एसपी मिस्टर राज से मुलाकात की और उन्हें पत्र सौंपकर संबंधित गांवों को कोचस थाना क्षेत्र में शामिल करने की मांग की। विधायक के अनुसार, इन गांवों से कोचस थाना की दूरी करीब 2 से 3 किलोमीटर है, जबकि दिनारा थाना अपेक्षाकृत दूर पड़ता है।

विधायक ने बताया कि उन्होंने इस मामले को बिहार विधानसभा में भी उठाया था। उनके अनुसार, उस समय तत्कालीन गृह मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से मामले को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया गया था।

अब विधायक ने एसपी से आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर आगे भेजने की पहल की है। एसपी मिस्टर राज ने भी मामले में जल्द फाइल आगे बढ़ाकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिया है।

थाना क्षेत्र में बदलाव होने पर कोचस की इन चार पंचायतों के संबंधित गांवों के हजारों लोगों को पुलिस से जुड़े कामकाज के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलने की उम्मीद है।