मुंबई: मुंबई अपराध शाखा ने टमाटरों से लदा टेंपो चोरी करने और चोरी की उपज को बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.98 टन टमाटर बरामद किए हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
2.66 टन टमाटर लेकर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सायन कोलीवाड़ा निवासी रंजन रामचंद्र जायसवाल के रूप में हुई है। उसे एंटॉप हिल इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी इससे पहले केले की चोरी के एक मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है।
चोरी किया गया टेंपो धारावी निवासी 32 वर्षीय सब्जी थोक व्यापारी नसीम दिलावर कुरैशी का था। आरोप है कि टेंपो को सांताक्रूज की एक सब्जी मंडी से चोरी किया गया। उसमें टमाटरों की 95 क्रेट लदी थीं, जिनका कुल वजन लगभग 2,660 किलोग्राम था। यह खेप अहमदनगर से मुंबई लाई गई थी।
बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेच रहे थे टमाटर
अपराध शाखा की टीम गश्त के दौरान जीटीबी नगर रेलवे स्टेशन के पास और सायन कोलीवाड़ा बाजार में कुछ विक्रेताओं को ठेले पर 25 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से टमाटर बेचते हुए मिली। उस समय बाजार में टमाटरों की कीमत 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच थी।
कीमत में बड़े अंतर को देखते हुए पुलिस को टमाटरों के चोरी के होने का संदेह हुआ। पूछताछ में विक्रेताओं ने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को थोक व्यापारी बताकर उन्हें कम कीमत पर टमाटर बेचे थे।
दादर समेत अन्य बाजारों में बेचने की थी योजना
विक्रेताओं से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रंजन जायसवाल को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से लगभग 1.98 टन टमाटर बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन टमाटरों को दादर और मुंबई के अन्य बाजारों में बेचने की योजना बना रहा था।
इस मामले में सांताक्रूज पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 379 के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि टेंपो चोरी करने और टमाटरों को बेचने की कथित साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।







