बर्न: स्विट्जरलैंड के पूर्वी हिस्से में नीदरलैंड के पर्यटकों को ले जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा ग्राउबुंडेन के आल्प्स क्षेत्र में सुश और जर्नेज गांवों के बीच हुआ। बस सड़क किनारे लगे सुरक्षा अवरोधक से टकराने के बाद पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कोई अन्य वाहन शामिल नहीं था।
स्विट्जरलैंड के स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बस में करीब 48 लोग सवार थे। नीदरलैंड के यात्रा उद्योग संगठन एएनवीआर की एक प्रवक्ता ने बताया कि बस में सवार यात्री नीदरलैंड के नागरिक थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान के लिए कई एंबुलेंस और पांच हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर भेजे गए।
पुलिस ने फिलहाल दुर्घटना में मृतकों और घायलों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








