Home राष्ट्रीय रायबरेली में शारदा नहर के पास मिले लापता युवक के चप्पल-मोबाइल, गोताखोरों...

रायबरेली में शारदा नहर के पास मिले लापता युवक के चप्पल-मोबाइल, गोताखोरों से तलाश जारी

18
0
Missing youth's slippers and mobile phone found near Sharda Canal in Rae Bareli, search underway with divers

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में शारदा नहर में लापता हुए युवक रोहित सोनी की तलाश में जुटी पुलिस को रविवार सुबह नहर के पास उसकी चप्पल और मोबाइल फोन मिला। हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस गोताखोरों की मदद से नहर में लगातार तलाश अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के धियारी मंडी निवासी रोहित सोनी का करीब पांच वर्ष पहले बाराबंकी निवासी महिला से विवाह हुआ था। शादी के कुछ महीने बाद दोनों के बीच वैवाहिक विवाद शुरू हो गया था और मामला न्यायालय तक पहुंचा था। बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ और वे बस्तेपुर में किराये के मकान में साथ रहने लगे थे।

बताया गया कि शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों को सिविल लाइन चौकी बुलाकर समझौता कराया गया था। इसी दौरान रोहित के शारदा नहर की ओर चले जाने की जानकारी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई। रविवार सुबह तलाशी के दौरान पुलिस को नहर के किनारे रोहित की चप्पल और मोबाइल फोन मिला। इसके बाद पुलिस ने नहर में तलाशी अभियान और तेज कर दिया। हालांकि, पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि चप्पल और मोबाइल मिलने के बाद रोहित ने नहर में छलांग लगाई हो। साथ ही इस आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा कि वह जानबूझकर मोबाइल और चप्पल वहां छोड़कर किसी दूसरी जगह चला गया हो। पुलिस के मुताबिक, तेज बारिश और नहर में पानी का बहाव अधिक होने के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है। गोताखोर लगातार युवक की तलाश कर रहे हैं और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।