पटना: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। अब पटना में शराब की खेप के साथ एक युवती की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने पटना जंक्शन के पास कार्रवाई करते हुए युवती को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवती की पहचान रिया के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके हैंड बैग और शोल्डर बैग से ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की आधा दर्जन से अधिक बोतलें बरामद की गईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब जब्त कर युवती को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी।
पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि पैसों के लालच में उसके एक परिचित ने उसे उत्तर प्रदेश से शराब की खेप पटना पहुंचाने के लिए कहा था। युवती पटना की रहने वाली बताई जा रही है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसने पुलिस के सामने दावा किया कि वह पहली बार इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल हुई थी।
हालांकि, पुलिस उसके बयान की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि शराब की खेप उसे किसने दी और इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवती से पूछताछ कर रही है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।








