समस्तीपुर: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कूपे से करीब 75 लीटर ब्रांडेड विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में एक युवती और उसके साथ सफर कर रहे युवक को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास के H-1 कोच में शराब की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना जांच टीम को मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कूप संख्या सात को चिन्हित किया। समस्तीपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने कूपे का दरवाजा खुलवाकर तलाशी शुरू की।
कूपे के भीतर एक युवती और एक युवक मौजूद थे। दोनों के पास कुल आठ ट्रॉली बैग और दो बैगपैक थे। तलाशी के दौरान जब ट्रॉली बैग खोले गए तो उनमें ब्रांडेड शराब की बोतलें मिलीं। जांच में करीब 75 लीटर शराब बरामद होने की बात सामने आई। आरपीएफ ने कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई।
गिरफ्तार युवती की पहचान नेहा झा, निवासी सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव, समस्तीपुर के रूप में बताई गई है। उसके साथ मौजूद युवक की पहचान ईशान के रूप में हुई है। पूछताछ में नेहा ने दावा किया कि वह शराब हरियाणा से खरीदकर शादी समारोह के लिए लेकर आ रही थी। हालांकि, पुलिस उसके इस बयान की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और संपर्कों को खंगाल रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब किससे खरीदी गई, बिहार में किसे पहुंचाई जानी थी और क्या इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
पुलिस के अनुसार, नेहा के परिवार से जुड़े पुराने शराब तस्करी के मामलों की जानकारी भी जांच के दौरान सामने आई है। अब इन पुराने मामलों और मौजूदा बरामदगी के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।








