सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सानौधा थाना क्षेत्र की गदेरी नदी में फंसे नौ युवक-युवतियों को पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आबचंद गुफा क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण सभी युवक-युवतियां पानी से घिर गए थे।
जानकारी मिलते ही चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा ने वरिष्ठ अधिकारियों और एसडीआरएफ टीम को सूचना दी। घटनास्थल तक आबचंद गुफा की ओर से सीधे पहुंचना बेहद मुश्किल और जोखिमपूर्ण था। ऐसे में रेस्क्यू टीम ने आबचंद गांव की ओर से वैकल्पिक रास्ते से पहुंचने का निर्णय लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके की ओर रवाना हुए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जंगल के बीच रास्ता तलाशा गया। जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट की सहायता से टीम आखिरकार नदी में फंसे युवक-युवतियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी की और पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। तेज बहाव के बीच होमगार्ड कमांडेंट भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने सभी को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों में रिया, उपासना, सानिया, निक्की उर्फ निकिता, डाली, राज, राजा, नीरज अहिरवार और सिया शामिल हैं। सभी इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, बहेरिया निवासी बताए गए हैं। सुरक्षित बाहर निकालने के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। स्वस्थ पाए जाने पर उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।







