बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुलताई के पास जीतू ढाबे के समीप तड़के करीब 3:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार कार में कुल 11 लोग सवार थे और सभी महाराष्ट्र के नागपुर के समीप बुट्टी बोरी क्षेत्र के कोल माइंस इलाके के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से से टकरा गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे में छाया राउत, उनके पति दीपक राउत और प्रभा करदाते की मौत हुई है। छाया और दीपक पति-पत्नी थे। वहीं, प्रभा करदाते के बेटे कुणाल ने बताया कि उनकी मां ने मन्नत मांगी थी और इसी वजह से वह सीहोर जा रही थीं। वहां कथा सुनने के बाद कांवड़ यात्रा में शामिल होने की योजना थी।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी आठ घायलों को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसका अगला पहिया टूटकर अलग हो गया और वाहन की छत व आगे की सीटों को भी भारी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







