पटना: जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान पुलिस द्वारा किए गए कथित गलत कार्यों के सभी सबूत उनकी पार्टी ने चुनाव आयोग को सौंप दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें कई पटना के स्थानीय निवासी थे। पुलिस ने जबरन घरों में घुसकर लोगों को उठाया। कई स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि उन्हें बिना उचित कारण के घर से उठकर थाने ले जाया गया।प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा का यह तर्क कि बाहरी लोगों को चुनावी गतिविधियों में शामिल होने के कारण हिरासत में लिया गया, पूरी तरह गलत है। उनका दावा है कि 18 से अधिक ऐसे लोगों को बाहरी बताकर पकड़ा गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया और वे सभी स्थानीय निवासी निकले।
उन्होंने पटना के एसएसपी को पूरी तरह अनप्रोफेशनल बताते हुए कहा कि यही अधिकारी पहले नीट छात्रा मामले में भी उसे आत्महत्या करार दे चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दिन एसएसपी ने उनका एक भी फोन नहीं उठाया, जबकि पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने हर बार उनका फोन रिसीव किया। प्रशांत किशोर ने यह भी दावा किया कि भाजपा के लोगों ने भी पटना के एसएसपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उनकी पार्टी दिल्ली जाकर भी चुनाव आयोग से शिकायत करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार के डीजीपी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि 3 अगस्त को होने वाली मतगणना में पटना के एसएसपी की कोई भूमिका नहीं होगी। उन्होंने पटना जिले के थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्होंने नियमों के विरुद्ध कार्रवाई की है तो उनके एसएसपी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि पटना के एसएसपी को राजनीति करनी है तो उन्हें नौकरी छोड़कर राजनीति में आ जाना चाहिए। प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे उन्होंने कभी भी पुलिस प्रशासन का प्रयोग चुनाव के दौरान नहीं किया। 2015 में मैं नीतीश कुमार के साथ था उसे वक्त वह महागठबंधन में थे भाजपा विपक्ष में थी। उसे वक्त हम लोग भी चाहते तो पुलिस का उपयोग करके उनके कार्यकर्ताओं को पिटवा सकते थे लेकिन ऐसा हम लोगों ने नहीं किया। नीतीश कुमार ने भी ऐसा कभी नहीं किया। आज भाजपा वाले पुलिसिया तंत्र का गलत उपयोग कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी हमला बोल कहां की वह पुलिस को गुंडे बनाकर काम करवाना चाहते हैं। पीके ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि कल चुनाव परिणाम से स्पष्ट हो जाएगा कि हम लोग कितने वोटों से जीत रहे हैं। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि इतने वोटो से हम लोग जीत रहे हैं कि भाजपा की उतने वोट से इस सीट पर कभी हार नहीं होगी। कल सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद छोड़ने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।







