Home बिहार डेहरी में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर मेला आयोजित, उपभोक्ताओं...

डेहरी में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर मेला आयोजित, उपभोक्ताओं को दी गई योजना की जानकारी

6
0
Solar fair organised in Dehri under PM Surya Ghar Yojana, information about the scheme given to consumers

डेहरी। आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत डेहरी में सोलर मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ रोहतास जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, विद्युत अधीक्षण अभियंता सासाराम ई. इंद्रदेव कुमार और विद्युत कार्यपालक अभियंता डेहरी ई. संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना, कार्यप्रणाली, रख-रखाव, लागत, सब्सिडी और इससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी दी गई। इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए मौके पर ही रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विभिन्न अधिकृत वेंडर्स और एजेंसियों ने भी मेले में भाग लेकर उपभोक्ताओं को सोलर समाधान की जानकारी दी।

विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. संतोष कुमार ने बताया कि योजना के तहत एक किलोवाट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। वहीं, बैंक के एलडीएम ने बताया कि सोलर संयंत्र लगाने के लिए मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 7 प्रतिशत से घटकर 6.75 प्रतिशत हो गई है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि योजना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को भी सोलर अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 388 उपभोक्ताओं की छतों पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उपभोक्ताओं, सहायक विद्युत अभियंताओं, कनीय विद्युत अभियंताओं सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

GNSU Admission Open 2026