Home बिहार सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

194
0
Samrat Chaudhary sworn in as Chief Minister of Bihar

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार में मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ ली।
श्री चौधरी बिहार के ऐसे 24वें व्यक्ति हैं, जिन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर आसीन होने का अवसर मिला है।बिहार की राजधानी पटना के लोकभवन में राज्यपाल सैयद आता हसनैन ने सुबह 10.56 बजे श्री चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के साथ उनकी कैबिनेट के सदस्य के रूप में गठबंधन की सहयोगी जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। इन दोनों को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।

श्री चौधरी और उनके कैबिनेट के सहयोगियों के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जगत प्रकाश (जेपी) नड्डा, नित्यानंद राय ,राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, गिरिराज सिंह, जीतनराम मांझी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद,राजीव प्रताप रूडी, बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी, मंगल पांडेय,रेनू देवी,संजय जायसवाल, डॉ. प्रेम कुमार,राम कृपाल यादव, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेन्द्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में सांसद और विधायक मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद जनता दल (यूनाइटेड) नेता और मंत्री पद की शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी ने कहा, ‘मैं नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करता हूं। यह उन्हीं के विश्वास का नतीजा है कि मुझे ये जिम्मेदारी मिली है।

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने कहा कि भविष्य में श्री कुमार के रास्ते, उनकी नीतियां, उनके तरीके, उनके कार्यक्रम और उनकी कार्यशैली मार्गदर्शक बनेगी। जदयू के श्री चौधरी ने कहा कि अब तक नीतीश कुमार का जो मॉडल था उसमें भाजपा भी थी, इसलिए तुलना जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार के मॉडल में नीतीश कुमार भी हैं, भाजपा और अन्य तीन दल भी हैं।। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा कोई दूसरा नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सोच और उनके काम करने का तरीका अद्भुत है। उन्होंने कहा कि उंनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है और उसी आधार पर प्रदेश आगे बढ़ रहा हैं। नवनियुक्त मंत्री ने कहा की यही बात प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा है कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो रास्ता, नीतियां तथा कार्यक्रम बनाए हैं, भविष्य में उसी को आगे बढ़ाया जाएगा।