Home बिहार हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद समर्थकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ...

हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद समर्थकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ समाहरणालय पहुंचे, भाजपा ने उपचुनाव में जीत का किया दावा

16
0
After offering prayers at the Hanuman temple, he reached the Collectorate with supporters and senior leaders; the BJP claimed victory in the by-election.

पटना: पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ बंटी ने गुरुवार को पूरे उत्साह और शक्ति प्रदर्शन के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत की कामना की। इसके बाद बड़ी संख्या में समर्थकों, कार्यकर्ताओं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।


नामांकन के दौरान भाजपा ने अपनी संगठनात्मक ताकत का भी प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद, पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में भाजपा के झंडों और नारों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। नामांकन से पहले अभिषेक कुमार उर्फ बंटी अपने आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले अपनी मां के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता का भी आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का स्नेह, संस्कार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद और पार्टी के समर्थन से वे चुनाव में शानदार जीत दर्ज करेंगे। इसके बाद अभिषेक कुमार ने हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा अपनी जीत के लिए प्रार्थना की। मंदिर से निकलने के बाद समर्थकों का काफिला उनके साथ समाहरणालय तक पहुंचा, जहां उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले अभिषेक कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा,

GNSU Admission Open 2026


“नामांकन करने से पूर्व सर्वप्रथम जन्मदाता माताजी एवं पिताजी को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आप दोनों के त्याग, साथ और समर्थन के लिए सदैव ऋणी रहूँगा। आपके आशीर्वाद से ही जनसेवा के इस संकल्प को पूरा करने की शक्ति मिलती है।” भाजपा नेताओं ने इस मौके पर दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और उपचुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। वहीं नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। समाहरणालय परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
अब नामांकन के साथ ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का चुनावी मुकाबला और तेज हो गया है। आने वाले दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच प्रचार अभियान भी पूरी रफ्तार पकड़ने की संभावना है।