अमृतसर: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग, अमृतसर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार और विस्फोटकों की तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौल बरामद किये गये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक विदेशी तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और विदेश में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल के संचालकों का समर्थन प्राप्त था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह खेप पंजाब में सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था को भंग करने की साजिश के तहत प्राप्त की थी।
इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर थाने में आर्म्स एक्ट , विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। श्री यादव ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है। जांच के दौरान मॉड्यूल के आगे और पीछे के नेटवर्क की पड़ताल की जाएगी, अन्य सहयोगियों की पहचान की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।







