Sonalal murder case accused nabbed in Farrukhabad encounter

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कमालगंज थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सोनेलाल हत्याकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुरैना निवासी डीसीएम चालक सोनेलाल (30) का शव सोमवार को फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र में मोहम्मदपुर मड़ैयन घाट पुल के पास एक गड्ढे से बरामद हुआ था।

मृतक के पिता सुरेश ने सात जुलाई को कमालगंज थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया था कि थाना क्षेत्र के ग्राम कल्लू नगला निवासी सगे भाई अवधेश और वीनेश ने एक महिला से फोन पर बातचीत को लेकर रंजिश के चलते सोनेलाल की हत्या कर शव को फेंक दिया। मामले के खुलासे के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

GNSU Admission Open 2026


मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भोजपुर गांव के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वीनेश बताते हुए सोनेलाल की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की।


घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, कुछ जीवित कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।