कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार तड़के एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। यहां एक ऑयल रिफाइनरी की नाफ्था ले जाने वाली पाइपलाइन में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 20 लोग झुलस गए, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तम्रलिप्त मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे पाइपलाइन से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और आग की चपेट में आ गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन आसपास के इलाके में रेल सेवाओं को भी कुछ समय के लिए रोक दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे से पहले ही पाइपलाइन से रिसाव शुरू हो गया था। सोमवार रात करीब 10 बजे हवा में तेज गंध महसूस होने पर लोगों ने इसकी सूचना संबंधित प्रबंधन को दी थी, लेकिन समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों का कहना है कि यदि तत्काल कदम उठाए जाते तो इस बड़े हादसे को टाला जा सकता था। हालांकि कंपनी और स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने भी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।







