Home राष्ट्रीय त्रिपुरा के अनानास कारोबार को बढ़ावा, ₹11 करोड़ के 18 आशय पत्र...

त्रिपुरा के अनानास कारोबार को बढ़ावा, ₹11 करोड़ के 18 आशय पत्र जारी

26
0
Tripura's pineapple business gets a boost, with 18 letters of intent worth ₹11 crore issued.

अगरतला: त्रिपुरा सरकार ने तीन दिवसीय ‘त्रिपुरा क्वीन पाइनएप्पल ग्लोबल फेस्टिवल-2026’ के दौरान आयोजित खरीदार-विक्रेता सम्मेलन में लगभग 11 करोड़ रुपये के कारोबार मूल्य के 18 आशय पत्र (एलओआई) जारी किए हैं। राज्य के कृषि मंत्री रतन लाल नाथ ने सोमवार को यह जानकारी दी।


श्री नाथ ने कहा कि नयी दिल्ली में 27 जून से शुरू हुए महोत्सव के दूसरे दिन नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, खरीदारों, निर्यातकों और उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे त्रिपुरा के प्रसिद्ध क्वीन पाइनएप्पल की बाजार संभावनाओं को और मजबूती मिली। उन्होंने बताया कि महोत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल खरीदार-विक्रेता सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर विभिन्न गणमान्य व्यक्ति और उद्यमी भी मौजूद थे। श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि त्रिपुरा के क्वीन पाइनएप्पल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए मूल्य श्रृंखला, बाजार संपर्क, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और निर्यात को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

GNSU Admission Open 2026


श्री नाथ ने बताया कि खरीदार-विक्रेता सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 40 खरीदारों, उत्पादकों, निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और उद्यमियों के बीच सीधा संवाद हुआ। इसके परिणामस्वरूप लगभग 11 करोड़ रुपये के कुल कारोबार मूल्य वाले 18 आशय पत्रों का आदान-प्रदान हुआ, जो त्रिपुरा के क्वीन पाइनएप्पल की व्यावसायिक संभावनाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


उन्होंने कहा कि सम्मेलन की सफलता उद्योग जगत में त्रिपुरा के क्वीन पाइनएप्पल की गुणवत्ता और विपणन क्षमता के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। इससे नए विपणन अवसर सृजित होंगे, किसानों की आय में वृद्धि होगी और राज्य के कृषि निर्यात तंत्र को मजबूती मिलेगी।


मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने कहा कि ‘त्रिपुरा क्वीन पाइनएप्पल ग्लोबल फेस्टिवल-2026’ राज्य के उत्कृष्ट बागवानी उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा किसानों, उद्यमियों, प्रसंस्करण इकाइयों, निर्यातकों और देश-विदेश के संस्थागत खरीदारों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए एक प्रभावी मंच की भूमिका निभा रहा है।