
दरभंगा: दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से चार दिनों से लापता नाबालिग लड़की के मामले में नया मोड़ आ गया है। अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद लड़की खुद सिंहवाड़ा थाना पहुंच गई, लेकिन परिजनों के साथ घर लौटने से उसने स्पष्ट इंकार कर दिया। इस स्थिति में परिजनों और पुलिस को उसे समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, लड़की के भाई ने पूर्व मुखिया लालबाबू यादव, उनके पुत्र राधेश्याम यादव सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
शिकायत में कहा गया है कि 18 अप्रैल की रात लड़की खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन अगली सुबह वह अपने कमरे में नहीं मिली। कमरे का दरवाजा खुला हुआ पाया गया था। परिजनों का कहना है कि खोजबीन के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी राधेश्याम यादव घटना के आसपास देखा गया था, जिसके बाद उन्होंने थाना में मामला दर्ज कराया। इसी बीच 20 अप्रैल को सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि लड़की थाना पहुंच गई है।
सूचना मिलने पर परिजन अपने मौसा-मौसी के साथ थाना पहुंचे, लेकिन लड़की ने उनके साथ घर लौटने से साफ इंकार कर दिया। काफी समझाने के बावजूद वह किसी भी हालत में जाने को तैयार नहीं हुई। इस संबंध में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार झा ने बताया कि लड़की को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। आगे उसका कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






