
वैशाली: वैशाली के सोनपुर थाना क्षेत्र के बैजलपुर जगदंबा स्थान के समीप गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। नहाने के दौरान एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लापता की तलाश अभी भी जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू कार्य शुरू कराया गया। जानकारी के अनुसार, परिवार शादी समारोह के बाद चौठारी रस्म के लिए गंगा स्नान करने गया था, तभी यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही सभी लोग नदी में उतरे, अचानक पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से दो लोगों के शव बाहर निकाले गए, जिन्हें हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। तीन अन्य लोगों की तलाश SDRF की टीम द्वारा जारी की गई तो दो शव और बरामद हुआ।
वहीं, अभी भी एक लापता की तलाश जारी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रवी कुमार की पत्नी गुड़िया देवी और जन्नाद्धन सिंह की पत्नी बबिता देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम हाजीपुर सदर अस्पताल में कराया जाएगा।






