औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले में शनिवार सुबह तेज रफ्तार ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रफीगंज-गोह मुख्य मार्ग पर गाय लेकर जा रही पिकअप और मुर्गियों से भरे ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। यह दर्दनाक दुर्घटना रफीगंज-गोह मुख्य मार्ग पर भाम मोड़ के समीप हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रफीगंज थाना अध्यक्ष शंभू कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
उनके साथ एएसआई राकेश राय, पीटीसी विपिन यादव और डायल-112 की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और यातायात बहाल कराने में जुट गई। हादसे में पिकअप पर सवार धंधवा गांव निवासी 22 वर्षीय मो. अजीज और ऑटो में सवार अरवल जिले के हृदयचक गांव निवासी 20 वर्षीय मो. भोला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों के निधन की खबर मिलते ही उनके घरों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना में मो. अदनान और पिंटू कुमार उर्फ मंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को पहले रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर लालजी यादव ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में गाय लादकर धंधवा से गोह की ओर ले जाया जा रहा था। उसी दौरान सामने से आ रहे मुर्गियों से भरे ऑटो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर का असर इतना तेज था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप पर तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद उनमें से दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फरार लोगों की तलाश जारी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।







