सीवान: सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के विसवानिया मकरी टोला गांव में रविवार शाम करीब पौने सात बजे अपराधियों ने 70 वर्षीय वृद्ध दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमर सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, अमर सिंह विसवानिया बाजार में अपनी छोटी गुमटी में डीजल-पेट्रोल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार शाम बाइक पर सवार कुछ युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और पेट्रोल मांगने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर युवकों ने अमर सिंह के सिर में सटाकर गोली मार दी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और ग्रामीण दौड़ पड़े। खून से लथपथ अमर सिंह को आनन-फानन में बाइक से सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वृद्ध की मौत से गांव में मातम पसर गया है।
सूचना पर दरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया पेट्रोल को लेकर हुए विवाद में गोली मारने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के वक्त बाजार में पुलिस गश्त नहीं रहती, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।








