Home राष्ट्रीय रेलवे की बाउंड्री वॉल ढही, झोपड़ी में सो रहे मजदूर की मौत...

रेलवे की बाउंड्री वॉल ढही, झोपड़ी में सो रहे मजदूर की मौत एक घायल

13
0
Railway boundary wall collapses, worker sleeping in hut dies, one injured

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार तड़के गंज थाना क्षेत्र में रेलवे की बाउंड्री वॉल ढह जाने से उससे सटी झोपड़ी मलबे में दब गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे से शव बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार हादसा तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच हुआ। रातभर हुई भारी बारिश के कारण रेलवे की बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई और उसके सहारे बनी झोपड़ी मलबे में दब गई। उस समय झोपड़ी में दो मजदूर सो रहे थे।


हादसे में ग्राम देवखापा (खापा), जिला पांढुर्ना निवासी 27 वर्षीय राहुल उइके पुत्र चरण उइके की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं राजस्थान निवासी 35 वर्षीय शनि सिंह पुत्र लखविंदर सिंह किसी तरह मलबे से बाहर निकल आए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

GNSU Admission Open 2026


पुलिस के अनुसार दोनों मजदूर लंबे समय से रेलवे की बाउंड्री वॉल से सटी झोपड़ी में रहकर मजदूरी करते थे। बुधवार रात बैतूल में इस मानसून की सर्वाधिक 93.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर होकर गिरना हादसे का कारण माना जा रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना प्रभारी नीरज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ निरीक्षक सुनीता पंद्रे के नेतृत्व में संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर राहुल उइके का शव बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया।


पुलिस ने बताया कि राहुल उइके अविवाहित थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनकी बहनें हरदा जिले में रहती हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके बैतूल पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।