कैमूर: कैमूर जिले के मोहनिया में बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर लॉकर में रखे करीब ₹25 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और करीब ₹45 हजार नगद लूट लिए। इसके बाद अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बहुआरा बाजार स्थित खुशबू ज्वेलर्स में रविवार दोपहर अपाचे बाइक से आए तीन हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। दुकानदार के अनुसार, लॉकर में करीब ₹25 लाख से अधिक के जेवरात और 40 से 45 हजार नगद रखे हुए थे।
दुकानदार आशुतोष कुमार ने बताया कि पहले एक व्यक्ति दुकान में आया और उसने लॉकेट दिखाने को कहा। जैसे ही उन्होंने लॉकेट दिखाने के लिए लॉकर खोला, उसने उनके सिर पर हथियार रख दिया और धमकी दी कि हल्ला किया तो गोली मार देंगे। इसी दौरान दो अन्य अपराधी भी अंदर आ गए। तीनों के हाथों में हथियार थे। सभी सामान एक बड़े थैले में भरकर भागने लगे। जब उन्होंने पकड़ने के लिए शोर मचाया तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई।
घटनास्थल पर अपराधियों द्वारा छोड़े गए ग्लव्स, बुर्का, लेडीज पर्स और झोले को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस इन सामानों के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि दोपहर में सूचना मिली थी कि बहुआरा स्थित एक ज्वेलरी शॉप में लूट हुई है। अभी पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब ₹20 लाख से अधिक के जेवरात की लूट हुई है। घटना में तीन अपराधी शामिल थे और फायरिंग भी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।







