Home बिहार बिहार में भीषण सड़क हादसा, तीन थाना प्रभारी समेत 4 की मौत

बिहार में भीषण सड़क हादसा, तीन थाना प्रभारी समेत 4 की मौत

37
0
Horrific road accident in Bihar; 4 dead, including three Station House Officers (SHOs).

पटना: बिहार के बेगूसराय में एनएच-31 पर हुए एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक पुलिस अधिकारी पटना से एक दिवसीय सरकारी प्रशिक्षण पूरा कर वापस अपने जिले लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अधिकारी की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों में मधेपुरा के  बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, मधेपुरा के ही अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर, सरकारी वाहन के चालक नीरज कुमार और मधेपुरा के ही रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान शामिल थे। साजन की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। यह दर्दनाक हादसा बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत बखड्डा के पास नेशनल हाईवे 31 पर हुआ।बताया जाता है कि मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में तैनात पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने गए थे।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी एक सरकारी गाड़ी से वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान बखड्डा के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार तरीके से जा टकराई। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। जानकारी मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय के साथ कई थानों की पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। आननफानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि मधेपुरा के  बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और सरकारी वाहन के चालक नीरज कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। अब पुलिस शवों के पोस्टमोर्टम की प्रक्रिया कर रही है। घटना के संबंध में बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।

GNSU Admission Open 2026

सड़क दुर्घटना में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों और उनके चालक समेत कुल चार लोगों की मृत्यु हुई है। ये सभी अधिकारी पटना से एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में भाग लेकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे, तभी साहेबपुर कमाल क्षेत्र में इनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना सामने आ रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। एक साथ तीन होनहार थाना प्रभारियों और चालक की इस तरह असमय मौत से बिहार पुलिस एसोसिएशन और पूरे पुलिस महकमे में गहरा शोक है। मधेपुरा और बेगूसराय, दोनों ही जिलों में इस घटना के बाद से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस प्रशासन मृतकों के परिजनों को सूचित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है, “बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एवं वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है। दिवंगत आत्माओं की चिर शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। इस दुःख की घड़ी में बिहार सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। ॐ शांति।”