Tragic road accident in Bihar; elderly man dies.

पटना: पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र स्थित बादीपुर गांव के मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से एक ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार जानीपुर निवासी 65 वर्षीय संजीवन राम कुछ अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर नौबतपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर बादीपुर गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर और उसकी ट्रॉली अलग-अलग हो गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में जानीपुर निवासी संजीवन राम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पर सवार महंगूपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद, मंटू कुमार और उनका एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए एम्स पटना भेजा। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने बादीपुर के पास टायर और ट्यूब जलाकर पटना-नौबतपुर मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। नौबतपुर, जानीपुर और पिपलामा थाना की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि बादीपुर के समीप हाइवा और ट्रैक्टर की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि तीन लोग घायल हैं। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को कानूनी सहायता और सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि जल्द दिलाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के इस भरोसे के बाद ग्रामीण शांत हुए और कई घंटों बाद सड़क पर यातायात को फिर से सुचारु कराया गया। पुलिस ने मृतक संजीवन राम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।