पटना: मुजफ्फरपुर के बाद बेगूसराय सदर अस्पताल में अचानक आग लग गई।आग लगते ही अफरातफरी का माहौल हो गया। बताया जाता है कि आग बाल चिकित्सा वार्ड के समीप स्थित एक कमरे में लगी थी। आननफानन में अस्पताल कर्मियों, सुरक्षा गार्डों और अधिकारियों की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। सदर अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि आईसीयू भवन की पहली मंजिल पर बने बाल चिकित्सा वार्ड के बगल में स्थित मीटिंग हॉल सह स्टोर रूम में लगे पंखे में शॉर्ट सर्किट हो गई थी।
शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी नीचे रखी कुर्सियों पर गिर गई, जिससे आग लग गई। घटना के बाद वार्ड में भर्ती बच्चों के परिजनों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। अस्पताल कर्मियों, सुरक्षा गार्डों और अधिकारियों की तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय कुमार और सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी मरीज, बच्चे, परिजन या अस्पताल कर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के संबंध में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।







