मुंबई: भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री ऋचा दीक्षित और अभिनेता आशीष सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘नाग रानी का त्याग’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म का ट्रेलर वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है। विष्णु शंकर बेलू के निर्देशन में बनी इस फिल्म में फैंटेसी, भक्ति, पारिवारिक रिश्तों, रहस्य और एक्शन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
ट्रेलर में ऋचा दीक्षित नाग रानी के किरदार में नजर आ रही हैं। उनका किरदार संघर्ष, भावनाओं और परिवार के लिए किए गए त्याग से जुड़ा हुआ है। वहीं, आशीष सिंह की भूमिका भी कहानी में अहम दिखाई गई है। ट्रेलर में नागलोक के रहस्य, पारिवारिक टकराव और रोमांचक घटनाओं को प्रमुखता से पेश किया गया है।
‘नाग रानी का त्याग’ की कहानी धार्मिक आस्था, नागलोक के रहस्य, भक्ति, त्याग और पारिवारिक रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में रहस्य और भावनात्मक ड्रामे के साथ एक्शन को भी खास जगह दी गई है। निर्माताओं के अनुसार, कहानी को प्रभावशाली बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और वीएफएक्स का इस्तेमाल किया गया है।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म को रत्नाकर कुमार प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म की निर्माता निवेदिता कुमार और सह-निर्माता रत्नाकर कुमार हैं। फिल्म की कहानी और लेखन सुरेंद्र मिश्रा तथा विवेक मिश्रा ने किया है। डीओपी हरेश सावंत, संगीतकार साजन मिश्रा, गीतकार दुर्गेश भट्ट, कोरियोग्राफर गोल्डी जायसवाल और एक्शन मास्टर हीरा लाल यादव हैं।
फिल्म में ऋचा दीक्षित और आशीष सिंह के अलावा विष्णु शंकर बेलू, त्रिपुरारी यादव, देवेंद्र पाठक, पारितोष कुमार, परी सिंघानिया, रितु पांडेय, रीमा सिंह, रानी शर्मा और संजीव मिश्रा समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म के प्रस्तुतकर्ता रत्नाकर कुमार ने कहा कि ‘नाग रानी का त्याग’ पौराणिक और भक्ति से जुड़ी कहानी को आधुनिक तकनीक, वीएफएक्स और पारिवारिक ड्रामा के साथ दर्शकों के सामने पेश करती है। उन्हें उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों को मनोरंजन का एक नया अनुभव देगी।
वहीं, ऋचा दीक्षित ने अपने किरदार को लेकर कहा कि नाग रानी की भूमिका उनके करियर के सबसे खास और चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक है। उन्होंने बताया कि इस भूमिका के लिए उन्होंने विशेष तैयारी की है और उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म को अपना प्यार और आशीर्वाद देंगे।







