पटना: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती और फसल से जुड़े कार्य सावधानी से करने को कहा गया है।
विभाग के मुताबिक 15 मई से 20 मई तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
16 मई यानी शनिवार को मौसम और अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। पटना, सारण, मगध, तिरहुत, कोसी, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर और मुंगेर प्रमंडल के सभी जिलों में तेज हवा के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार तेज हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
लगातार बदल रहे मौसम के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि विभाग ने लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।







