मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के एक चिकित्सक ने अपनी दूसरी पत्नी और उसके मायके वालों पर घर की कीमती ज्वेलरी लेकर फरार होने की शिकायत दर्ज कराई है। मामला जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां एक डॉक्टर ने चार साल पहले बंगाल की एक युवती से शादी की थी। अब उन्होंने पत्नी पर ज्वेलरी समेत फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले में पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि पहली पत्नी की मौत के बाद बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए वह कोलकाता के कुछ लोगों के झांसे में आ गए। बातचीत आगे बढ़ने के बाद वर्ष 2022 में उन्होंने निकाह कर लिया। शादी के कुछ महीनों बाद पत्नी का व्यवहार उनके और बच्चों के प्रति बदलने लगा।
डॉक्टर ने बताया कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि जिस महिला से उन्होंने शादी की है, वह पहले से शादीशुदा है। इसके बावजूद बच्चों की परवरिश को देखते हुए वह सब कुछ सहन करते रहे। इसी दौरान, ड्यूटी पर जाने के बाद महिला बच्चों के साथ मारपीट और प्रताड़ना करने लगी। पीड़ित डॉक्टर के अनुसार, जब उन्होंने इस मामले की शिकायत पत्नी के परिजनों से की तो कोलकाता से कई लोग उनके घर पहुंचे। उन्हें लगा कि अब मामला सुलझ जाएगा, लेकिन इसके उलट सभी ने मिलकर घर से कीमती सामान समेट लिया और फरार हो गए। डॉक्टर का आरोप है कि आरोपियों ने जानबूझकर महिला की पहली शादी की जानकारी छिपाई थी।
उन्होंने यह भी बताया कि फरार होने वालों में उनकी दिवंगत पहली पत्नी के सोने के जेवर और शादी के समय मिले अन्य आभूषण भी शामिल हैं। सभी लोग बिना किसी सूचना के कोलकाता चले गए। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने फोन कर अपने सामान की मांग की तो उन्हें धमकी दी जाने लगी। इसके बाद उन्होंने ब्रह्मपुरा थाना में शिकायत दर्ज कराई। इस पूरे मामले को लेकर ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन कुमार रंजन ने बताया कि एक डॉक्टर द्वारा घर में रखी कीमती ज्वेलरी लेकर फरार होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।







