औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात निकलने से कुछ घंटे पहले दूल्हे के पिता को अपराधियों ने गोली मार दी। यह घटना कुटुंबा प्रखंड के रसोइया गांव के पास सोमवार को हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल व्यक्ति की पहचान सुनील पांडे उर्फ अरुण पांडे के रूप में हुई है, जो पटना में लैब का व्यवसाय करते हैं। उनके बेटे रामकुमार पांडे की शादी पटना जिले के विक्रम थाना क्षेत्र स्थित बलियारी गांव में तय थी। सोमवार दोपहर बारात निकलनी थी, जिसके लिए परिवार में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। जानकारी के अनुसार, बारात से पहले सुनील पांडे अपने भाई प्रमोद पांडे के साथ दूल्हे का सेहरा और अन्य सामान खरीदने बाजार गए थे। सामान लेने के बाद दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दधपा और रसोइया गांव के बीच कार सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका और अचानक फायरिंग कर दी। गोली सुनील पांडे के नाक के पास लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल सुनील पांडे ने अस्पताल में बताया कि जिस जगह उनके बेटे की शादी तय हुई थी, वहां शादी नहीं करने की पहले भी धमकी मिली थी। हालांकि उन्होंने और उनके भाई ने हमलावरों को पहचानने से इनकार किया है। इस घटना के बाद फिलहाल बारात को स्थगित कर दिया गया है, जिससे परिवार और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।







